बिलासपुर 10 मार्च 2026(आरएनएस)बिलासपुर जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे पुलिस के विशेष ‘प्रहार अभियान’ के तहत तखतपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने ब्राउन शुगर की बिक्री करते दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लाखों की नशीली सामग्री और नगदी बरामद की है। कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले में अवैध शराब, गांजा और नशीले पदार्थों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह और अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कोटा नुपूर उपाध्याय के मार्गदर्शन में तखतपुर थाना क्षेत्र में संयुक्त टीम बनाकर लगातार निगरानी रखी जा रही थी।
इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि तखतपुर के मोढ़े चौक के पास एक युवक ब्राउन शुगर बेचने के लिए ग्राहकों की तलाश कर रहा है। सूचना मिलते ही तखतपुर पुलिस और एसीसीयू बिलासपुर की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी और संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान दुर्गेश गायकवाड (22 वर्ष) निवासी बड़े बाजार तखतपुर के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 3.74 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 75 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21ए, 22ए और 29 के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ शुरू की। पूछताछ में दुर्गेश गायकवाड ने खुलासा किया कि वह यह मादक पदार्थ अप्पू देवांगन नामक व्यक्ति से लेकर बेचता था। इसके बाद पुलिस ने अप्पू देवांगन (32 वर्ष) निवासी देवांगन मोहल्ला तखतपुर की तलाश शुरू की और उसे बिलासपुर रेलवे स्टेशन के पास से हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में अप्पू देवांगन ने बताया कि वह दूसरे राज्य से ब्राउन शुगर लाकर तखतपुर क्षेत्र में सप्लाई करता था और दुर्गेश गायकवाड को भी बिक्री के लिए देता था। पुलिस ने उसके पास से बिक्री की बची हुई रकम दो हजार रुपये और इस अवैध कारोबार में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन भी जब्त किया है। दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी तखतपुर निरीक्षक विवेक कुमार पाण्डेय, उप निरीक्षक दिलाराम मनहर, सहायक उप निरीक्षक रमेश कुमार ओरके, एसीसीयू बिलासपुर के उप निरीक्षक कमलेश बंजारे और उनकी टीम के साथ तखतपुर थाना के आरक्षक आशीष वस्त्रकार, सुनील सूर्यवंशी, राजकुमार श्याम, चन्द्रशेखर मरकाम और संतोष पोर्ते की अहम भूमिका रही। पुलिस अब इस मामले में अन्य राज्यों से जुड़े तस्करों की कड़ी जोड़ने के लिए जांच आगे बढ़ा रही है।

