बिलासपुर, 10 मार्च (आरएनएस)। सड़क किनारे पैदल चल रही एक बुजुर्ग महिला को तेज रफ्तार हाईवा ने कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने हाईवा को जब्त कर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कोटा थाना क्षेत्र के ग्राम मझवानी निवासी जमुना गोड़ (65), पति पंचराम, अपने रिश्तेदार के घर शादी समारोह में शामिल होने ग्राम रतखंडी आई हुई थीं। मंगलवार को वह सड़क किनारे पैदल जा रही थीं। इसी दौरान कोटा की ओर से तेज गति से आ रहे हाईवा वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि महिला वाहन के पहिए के नीचे आ गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही बेलगहना चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। हादसे के बाद हाईवा चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। दुर्घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और मृतका के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग करते हुए सड़क पर चक्काजाम कर दिया। स्थिति को देखते हुए प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाइश दी। अधिकारियों ने शासन की ओर से तत्काल सहायता राशि के रूप में 25 हजार रुपए देने की घोषणा की, जिसके बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया और स्थिति सामान्य हो गई।
०

