मुंगेली, 10 मार्च (आरएनएस)। मुंगेली जिले के लोरमी में नशे की लत ने चोरी की वारदात को जन्म दे दिया। मेडिकल एजेंसी का ताला तोड़कर 96 बोतल कफ सिरप चोरी करने वाले हिस्ट्रीशीटर युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके साथ शामिल एक विधि से संघर्षरत बालक के खिलाफ भी किशोर न्याय बोर्ड के तहत कार्रवाई की गई है। चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपी पहले भी हत्या के मामले में जेल जा चुका है और जमानत पर बाहर आने के बाद फिर अपराध की राह पर लौट आया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुंगेली भोजराम पटेल के निर्देश पर जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा और उप पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह के मार्गदर्शन में लोरमी पुलिस ने मेडिकल एजेंसी में हुई चोरी का खुलासा करते हुए आरोपी को धर दबोचा। लोरमी के वार्ड क्रमांक 13 निवासी मुकेश कुमार कश्यप ने थाना लोरमी में शिकायत दर्ज कराई थी कि 5 मार्च 2026 की सुबह जब वह नए बस स्टैंड स्थित अपनी मेडिकल एजेंसी पहुंचे तो दुकान का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जांच करने पर पता चला कि क्रष्ट ्यस्नस्न कफ सिरप की एक पूरी पेटी, जिसमें कुल 96 बोतलें थीं, अज्ञात चोर उठा ले गए हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें दो संदिग्ध युवक दिखाई दिए। पहचान करने पर एक आरोपी रिंकु कश्यप (20 वर्ष) निवासी कंकालीन पारा लोरमी और उसके साथ एक विधि से संघर्षरत बालक का नाम सामने आया। पुलिस ने रिंकु कश्यप को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपने नाबालिग साथी के साथ मिलकर मेडिकल एजेंसी का ताला तोड़कर कफ सिरप चोरी करने की बात कबूल कर ली। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गए 96 नग कफ सिरप बरामद कर लिए और रिंकु कश्यप को 9 मार्च 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। वहीं घटना में शामिल विधि से संघर्षरत बालक के खिलाफ सामाजिक व पारिवारिक पृष्ठभूमि की जांच के बाद किशोर न्याय बोर्ड की प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस के अनुसार आरोपी रिंकु कश्यप लोरमी क्षेत्र का गैंग हिस्ट्रीशीटर है और वह अपने नाबालिग साथी के साथ पूर्व में हुए हत्या के मामले में भी आरोपी रह चुका है। जमानत मिलने के बाद दोनों ने नशे की लत पूरी करने के लिए यह चोरी की वारदात को अंजाम दिया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी लोरमी निरीक्षक अखिलेश कुमार वैष्णव, उपनिरीक्षक मानसिंह, प्रधान आरक्षक शेषनारायण कश्यप, आरक्षक राजू साहू, ईश्वर नेताम, रेखराम नेताम और सैनिक कुलदीप सिंह की अहम भूमिका रही। मुंगेली पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि क्षेत्र में किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें और सुरक्षा के लिए अधिक से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाएं।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

