राजनांदगांव 10 मार्च 2026(आरएनएस) आगामी नवरात्रि पर्व को लेकर माँ बम्लेश्वरी मंदिर डोंगरगढ़ में दर्शन के लिए आने वाले हजारों पदयात्रियों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर राजनांदगांव पुलिस ने व्यापक तैयारी शुरू कर दी है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने अधिकारियों के साथ पदयात्रा मार्ग का विस्तृत निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर, डीएसपी अलेक्जेंडर किरो और यातायात प्रभारी नवरतन कश्यप भी मौजूद रहे। अधिकारियों की टीम ने अंजोरा से डोंगरगढ़ तक करीब 61.8 किलोमीटर लंबे मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान मार्ग में पड़ने वाले प्रमुख चौक-चौराहों, पड़ाव स्थलों और संभावित भीड़भाड़ वाले स्थानों की स्थिति का आकलन कर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने निरीक्षण के दौरान स्टॉपर्स, बैरिकेडिंग, ट्रैफिक डायवर्जन, प्रकाश व्यवस्था और रूट प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा की। साथ ही तुमड़ीबोड़ मार्ग से आने वाले पदयात्रियों के आवागमन को ध्यान में रखते हुए उस मार्ग का भी अवलोकन कर यातायात व्यवस्था की योजना तैयार की गई।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा को और मजबूत बनाने के लिए इस वर्ष राजनांदगांव पुलिस द्वारा पदयात्रियों को रेडियम बेल्ट और बैग या शर्ट पर लगाने के लिए रिफ्लेक्टर स्टिकर वितरित किए जाएंगे। इससे रात्रि के समय भी वाहन चालकों को दूर से ही पैदल चलने वाले श्रद्धालु दिखाई दे सकेंगे और दुर्घटनाओं की संभावना कम होगी।
यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए अंजोरा ग्राम से आगे के मार्ग को वन-वे किया जाएगा और सड़क के एक हिस्से को विशेष रूप से पदयात्रियों के लिए सुरक्षित एवं आरक्षित रखा जाएगा, जिससे उन्हें सुरक्षित मार्ग मिल सके।
इसके अलावा अंतरजिला समन्वय को मजबूत करने के लिए दुर्ग जिले और महाराष्ट्र के गोंदिया जिले की पुलिस से भी समन्वय स्थापित किया गया है, ताकि सीमावर्ती मार्गों पर भी यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
राजनांदगांव पुलिस ने व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए 16 मार्च को संपूर्ण पुलिस बल और स्टॉपर्स के साथ रियल-टाइम रिहर्सल करने का निर्णय लिया है। इस पूर्वाभ्यास के माध्यम से ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को उनके दायित्वों की स्पष्ट जानकारी दी जाएगी और किसी भी कमी को नवरात्रि शुरू होने से पहले ही दूर किया जाएगा।
पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि पदयात्रा के दौरान यातायात नियमों का पालन करें, सड़क के निर्धारित हिस्से पर ही चलें और सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करते हुए प्रशासन का सहयोग करें, ताकि सभी श्रद्धालु सुरक्षित और व्यवस्थित रूप से माँ बम्लेश्वरी के दर्शन कर सकें।


