देहरादून,10 मार्च (आरएनएस)। बालावाला क्षेत्र में एक भूमि को फर्जीवाड़े से दो बार बेच दिया गया। शिकायत पर शुरुआती जांच के बाद रायपुर थाना पुलिस ने दो आरोपियों पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दिल्ली के कैलाश कॉलोनी निवासी विजय भूटानी और आरके पुरम निवासी जसविंदर सिंह ने पुलिस को तहरीर दी। बताया कि एक मई 1997 को उन्होंने धर्मपुर निवासी मधुसूदन डबराल से बालावाला में 1800-1800 वर्गफीट के दो प्लॉट खरीदे थे। रजिस्ट्री के बाद वे दिल्ली लौट गए और समय-समय पर अपनी जमीन देखने आते रहे। कुछ समय पहले जब वे दाखिल-खारिज के लिए गए तो पता चला कि मधुसूदन की पत्नी विजय लक्ष्मी डबराल ने आपराधिक षड्यंत्र के तहत 2012 और 2020 में यही जमीन टिहरी गढ़वाल निवासी सोहन सिंह भंडारी और सुमन लता को बेच दी है। पीडि़तों ने इसके खिलाफ सिविल कोर्ट में स्टे हासिल कर लिया। आरोप है कि वर्ष 2024 में जब वे अपने प्लॉट पर गए तो वहां अवैध निर्माण किया जा रहा था। जब पीडि़तों ने विरोध किया तो मधुसूदन, विजय लक्ष्मी और एक महिला ने कोर्ट के स्टे को मानने से साफ इनकार कर दिया। उन्होंने पीडि़तों के साथ गाली-गलौज की और धमकाते हुए वहां से भगा दिया। एसओ रायपुर गिरीश नेगी ने बताया कि फर्जीवाड़े में आरोपी मधुसूदन डबराल, उसकी पत्नी विजय लक्ष्मी डबराल के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

