कोटद्वार,11 मार्च (आरएनएस)। रिखणीखाल ब्लॉक के तोल्यूडांडा के समीप जीएमओयू की एक बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। रिखणीखाल थाना पुलिस ने रेस्क्यू अभियान चलाकर बस में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। बस में करीब 15 सवारियां थी जिनमें से चार महिला यात्री घायल हो गए। उन्हें नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। रिखणीखाल थानाध्यक्ष मोहम्मद अकरम ने बताया कि मंगलवार देर शाम पुलिस को सूचना मिली कि तोल्यूडांडा के पास जीएमओयू की एक बस सड़क पर पलट गई है। पुलिसबल मौके पर पहुंचा। राहत एवं बचाव कार्य करते हुए सभी यात्रियों को बस से सुरक्षित बाहर निकाला। घायल यात्रियों को प्राथमिक उपचार देने के बाद एंबुलेंस से नजदीकी अस्पताल भिजवाया गया। घटना में सभी यात्रियों को साधारण चोटें आई है। चार यात्रियों को ज्यादा चोटें आने पर उन्हें अस्पताल ले जाया गया। घायलों में सरला देवी (57) पत्नी चंद्रमोहन सिंह, विद्या देवी (81) पत्नी विक्रम सिंह, विमला देवी (60) पत्नी मदन सिंह, शिल्पा देवी (29) पत्नी विजयपाल निवासी उम्मेदु बाखल, तोल्यूडांडा शामिल हैं।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

