महासमुंद, 10 मार्च (आरएनएस) । जिले की पिथौरा और सांकरा थाना क्षेत्र में हुई लूट की दो अलग-अलग घटनाओं का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी मुकेश यादव उर्फ मुंडा (19) निवासी संजय नगर, सरायपाली को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू और वारदात के समय पहने गए कपड़े भी बरामद किए गए हैं। वहीं घटना में शामिल दो अन्य आरोपियों की तलाश पुलिस द्वारा लगातार की जा रही है।पुलिस अधिकारियों के अनुसार दोनों घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए जिलेभर में नाकाबंदी कर अलग-अलग टीमों का गठन किया गया था। जांच के दौरान घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए तथा तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर की सूचना के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई। इसी दौरान मुख्य आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता मिली।जानकारी के मुताबिक पहली घटना 8 मार्च 2026 की रात ग्राम टेका स्थित एचपी टेका फ्यूल्स पेट्रोल पंप में हुई। उस समय कर्मचारी हेमंत साहू (25) निवासी ग्राम डुमरपाली ड्यूटी पर मौजूद थे। इसी दौरान पल्सर मोटरसाइकिल से पहुंचे तीन अज्ञात युवकों ने चाकू दिखाकर कर्मचारी को डराया-धमकाया और उसके पास रखे 36,500 रुपये नकद तथा करीब 5 हजार रुपये कीमत का रेडमी कंपनी का मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद पीडि़त की शिकायत पर थाना पिथौरा में धारा 309(4) और 3(5) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।इसी बीच दूसरी घटना थाना सांकरा क्षेत्र के ग्राम लोहरीनडोंगेरी में सामने आई, जहां तीन अज्ञात आरोपियों ने ग्रामीण सिलेश्वर सहिस को रोककर उससे 500 रुपये नकद और दो पुराने मोबाइल फोन लूट लिए। लूटे गए मोबाइल फोन की कुल कीमत करीब 18 हजार रुपये बताई गई है। इस मामले में थाना सांकरा में धारा 309(4) और 3(5) बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया गया।दोनों मामलों की जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जानकारी के आधार पर आरोपियों के बारे में अहम सुराग जुटाए। इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी मुकेश यादव को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर दोनों वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।पुलिस ने बताया कि फरार दोनों आरोपियों की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है।
०००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

