उन्नाव ,12 मार्च (आरएनएस)। उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले से एक बेहद दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक तेरहवीं के कार्यक्रम के दौरान हुई मामूली सी बात पर एक युवक ने हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं। खेल रहे बच्चों द्वारा गलती से पानी डाल दिए जाने पर इस शख्स ने गुस्से में अपना आपा इस कदर खोया कि पांच मासूम बच्चों पर खौलता हुआ तेल उड़ेल दिया। इस अमानवीय और दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में चीख-पुकार मच गई। गंभीर रूप से झुलसे सभी बच्चों को तुरंत लखनऊ के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जिनमें से दो की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।
तेरहवीं के भोज में मची चीख-पुकार, बाल्टी से फेंका खौलता तेल
यह रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला औरास थाना क्षेत्र के हसनपुर द्रगपालखेड़ा गांव का है। जानकारी के अनुसार, गांव के करीब 100 वर्षीय बुजुर्ग हीरालाल के निधन के बाद मंगलवार रात उनके घर पर तेरहवीं का कार्यक्रम चल रहा था। बड़ी संख्या में ग्रामीण भोज में शामिल थे और पास ही हलवाई पूडिय़ां तल रहा था। रात करीब नौ बजे कुछ बच्चे वहीं पास में खेल रहे थे। इसी दौरान खेल-खेल में बच्चों ने वहां मौजूद विशाल नाम के युवक पर पानी डाल दिया। इस बात पर विशाल इस कदर भड़का कि उसने पास ही हलवाई की कड़ाही से निकालकर बाल्टी में रखा खौलता हुआ तेल उठाया और सीधे मासूम बच्चों के ऊपर फेंक दिया।
दर्द से तड़प उठे पांच मासूम, दो की स्थिति बेहद चिंताजनक
अचानक खौलता हुआ तेल शरीर पर गिरते ही मासूम बच्चे दर्द से तड़प उठे और मौके पर भारी अफरा-तफरी मच गई। बच्चों की चीखें सुनकर बदहवास परिजन और ग्रामीण तुरंत उन्हें लेकर लखनऊ के एक निजी अस्पताल भागे। इस खौफनाक हमले में 14 वर्षीय सुधीर, उसका 11 वर्षीय भाई रौनक, 14 वर्षीय सुमित, 10 वर्षीय श्यामबाबू और 12 वर्षीय मनोज बुरी तरह झुलस गए हैं। इनमें से सुधीर और मनोज के शरीर का काफी हिस्सा जल गया है। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने दोनों को लखनऊ के मेडिकल कॉलेज में रेफर कर दिया है, जहां उनका सघन इलाज जारी है।
गांव में पसरा खौफ, आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही पुलिस
इस अमानवीय घटना ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। ग्राम प्रधान बाल्मीकि के अनुसार, वारदात के बाद से हसनपुर द्रगपालखेड़ा गांव के लोग दहशत में हैं। वहीं, पीडि़त परिवारों की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक विशाल के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। वारदात को अंजाम देने के बाद से आरोपी फरार बताया जा रहा है। पुलिस की कई टीमें उसकी गिरफ्तारी के लिए जगह-जगह दबिश दे रही हैं और पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
00
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

