धमतरी, 13 मार्च (आरएनएस)। किसानों की आय बढ़ाने और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कृषि विज्ञान केंद्र धमतरी द्वारा मधुमक्खी पालन विषय पर 6 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण 16 मार्च से 21 मार्च 2026 तक कृषि विज्ञान केंद्र परिसर में आयोजित होगा।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिले के किसानों को मधुमक्खी पालन की आधुनिक तकनीकों, मधुमक्खियों के प्रबंधन, शहद उत्पादन, प्रसंस्करण एवं विपणन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही प्रतिभागियों को मधुमक्खी पालन से अतिरिक्त आय अर्जित करने के व्यावहारिक तरीके भी बताए जाएंगे, जिससे किसान कम लागत में बेहतर लाभ प्राप्त कर सकें।प्रशिक्षण में भाग लेने के लिए कुल 25 किसानों के लिए ही सीट आरक्षित रखी गई है। ऐसे किसान जो मधुमक्खी पालन शुरू करना चाहते हैं या इस क्षेत्र में अपनी जानकारी और कौशल बढ़ाना चाहते हैं, वे इस प्रशिक्षण में भाग लेने के लिए पंजीयन करा सकते हैं।
कृषि विज्ञान केंद्र धमतरी के अधिकारियों ने इच्छुक किसानों से समय पर पंजीयन कराने की अपील की है, ताकि वे प्रशिक्षण का लाभ लेकर मधुमक्खी पालन को आजीविका के एक बेहतर विकल्प के रूप में अपनाकर अपनी आय में वृद्धि कर सकें।
प्रशिक्षण से संबंधित अधिक जानकारी के लिए डॉ. संदीप मेश्राम से मोबाइल नंबर 9111108001 पर संपर्क किया जा सकता है।
0

