चंडीगढ़ ,13 मार्च (आरएनएस)। पंजाब और चंडीगढ़ में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम विभाग ने शनिवार से अगले चार दिनों तक कई क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। इसको लेकर विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है। अनुमान है कि इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को अधिकतर क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहेगा, हालांकि कुछ इलाकों में बादल छाए रह सकते हैं। पिछले चौबीस घंटों के दौरान पहाड़ी क्षेत्रों से सटे इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई। विशेष रूप से पठानकोट और अमृतसर में सुबह के समय बूंदाबांदी हुई। तापमान की बात करें तो इसमें अभी कोई बड़ा बदलाव नहीं आया है और यह सामान्य से करीब 3.8 डिग्री सेल्सियस अधिक बना हुआ है। सबसे अधिक अधिकतम तापमान श्री आनंदपुर साहिब में 33.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश के सात जिलों में तापमान 31 डिग्री सेल्सियस से अधिक रिकॉर्ड किया गया है। इनमें रूपनगर में 33.5 डिग्री, मोहाली में 32.7 डिग्री, पटियाला और फरीदकोट में 32.2 डिग्री, होशियारपुर और एसबीएस नगर में 31.5 डिग्री तथा लुधियाना में 30.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। वहीं चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस रहा। विभाग का कहना है कि शनिवार से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा और कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। इससे तापमान में गिरावट आने और मौसम सुहावना होने की संभावना है।
20 मार्च तक राज्य के पूर्वी जिलों में हल्की बारिश होने की संभावना है। दिन का अधिकतम तापमान उत्तर और पूर्वी हिस्सों में 26-28 डिग्री, मध्य हिस्सों में 28-30 डिग्री और दक्षिणी हिस्सों में 30-32 डिग्री के बीच रहने की संभावना है। पूरे राज्य में दिन का तापमान इस हफ्ते सामान्य से थोड़ा अधिक रहने की उम्मीद है। रात का न्यूनतम तापमान ज्यादातर हिस्सों में 12-14 डिग्री और दक्षिणी हिस्सों में 14-16 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है।
00

