परसा, 13 मार्च (आरएनएस)। सारण के परसा प्रखंड के डेरनी थाना अंतर्गत पत्री शीतल गांव में एक नाबालिग बच्ची से दुष्कर्म के बाद हत्या कर शव कुंए में फेंकने की वारदात से सनसनी फैल गई। परिजनों और ग्रामीणों ने सांसद राजीव प्रताप रूडी व उनके प्रतिनिधि राकेश कुमार सिंह को सूचना दी। रूडी के निर्देश पर राकेश कुमार सिंह के नेतृत्व में भाजपा प्रतिनिधिमंडल—मंडल अध्यक्ष मोनू कुमार सिंह, नेता अशोक सिंह, सुमंत बाबा—पीड़ित परिवार के घर पहुंचा। प्रतिनिधियों ने शोक संवेदना व्यक्त कर न्याय का भरोसा दिया और कहा कि बच्ची को इंसाफ दिलाना सबकी जिम्मेदारी है। सांसद रूडी ने दूरभाष पर परिजनों से बात कर घटना की जानकारी ली और भरोसा दिलाया कि कानून पर विश्वास रखें, परिवार को न्याय मिलेगा। बच्ची तीन बहन और एक भाई में सबसे बड़ी थी; पिता गुजरात में काम करते हैं। घटना से गांव में मातम है, परिवार बदहाल है। सामाजिक कार्यकर्ता सुबोध सिंह, शिक्षक मुन्ना सिंह, अनिल सिंह, निराला पिंटू सिंह, विजय सिंह, अमन तिवारी, रणविजय सिंह सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।

