रायपुर ,14 मार्च(आरएनएस)। स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड के प्रमुख इकाई भिलाई इस्पात संयंत्र में मानव संसाधन-ज्ञानार्जन एवं विकास विभाग द्वारा आयोजित प्रथम ईडी (वक्र्स) डिजिटल चैंपियंस ट्रॉफ ी 2025-26 के विजेताओं की घोषणा कर दी गई है। कार्यस्थल की समस्याओं के समाधान में आर्टिफि शियल इंटेलिजेंस तथा इंडस्ट्री 4.0 प्रौद्योगिकियों के उपयोग विषय पर आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्देश्य गैर-कार्यपालक कर्मचारियों को कार्यस्थल की चुनौतियों के समाधान के लिए नवोन्मेषी एवं व्यावहारिक तकनीकी उपाय विकसित करने के लिए प्रोत्साहित करना था।
प्रतियोगिता में संयंत्र के विभिन्न विभागों से गैर-कार्यपालक कर्मचारियों की कुल 14 टीमों ने तकनीकी शोध पत्र प्रस्तुत किए, जिनमें कार्य प्रक्रियाओं को अधिक प्रभावी और आधुनिक बनाने के लिए अभिनव विचारों का प्रतिपादन किया गया। इनमें से 13 टीमों ने 6 और 7 मार्च 2026 को निर्णायक मंडल के समक्ष अपने शोध पत्रों का प्रस्तुतीकरण किया।
तकनीकी शोध पत्रों और प्रस्तुतियों का मूल्यांकन उपयोगिता, नवाचार, क्रियान्वयन की व्यवहार्यता तथा संगठन को होने वाले संभावित लाभ जैसे मानकों के आधार पर किया गया। मूल्यांकन के उपरांत ए एंड डी विभाग की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस टीम में इंजीनियरिंग एसोसिएट सुश्री अनुराधा ध्रुव, इंजीनियरिंग एसोसिएट श्री बी. वेंकट अप्पाराव तथा इंजीनियरिंग एसोसिएट श्री तलासमुद्रम राजेश शामिल रहे।
बार एंड रॉड मिल विभाग की टीम ने द्वितीय स्थान हासिल किया, जिसमें इंजीनियरिंग एसोसिएट श्री वमशी बेहरा, जूनियर इंजीनियरिंग एसोसिएट श्री भीमांशु कच्छप तथा इंजीनियरिंग एसोसिएट श्री सैतान सिंह मीणा शामिल थे। वहीं यूनिवर्सल रेल मिल विभाग की टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया, जिसका प्रतिनिधित्व इंजीनियरिंग एसोसिएट श्री प्रसाद गौडू, जूनियर इंजीनियरिंग एसोसिएट सुश्री संज्योति तिर्के तथा जूनियर इंजीनियरिंग एसोसिएट श्री सुधीर यादव ने किया।
इस पहल का उद्देश्य संयंत्र के विभिन्न विभागों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और इंडस्ट्री 4.0 प्रौद्योगिकियों के व्यावहारिक उपयोग को बढ़ावा देना, परिचालन दक्षता में सुधार लाना, लागत में कमी करना तथा डेटा आधारित नवाचार की संस्कृति को सुदृढ़ करना है। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल की अध्यक्षता मुख्य महाप्रबंधक (ए एंड डी) श्री रवि शंकर ने की, जबकि महाप्रबंधक (सी एंड आईटी) श्री अजय सचदेव और महाप्रबंधक (यूनिवर्सल रेल मिल) श्री शिशिर शुक्ला निर्णायक मंडल के सदस्य रहे।
कार्यक्रम के संयोजक महाप्रबंधक (मानव संसाधन–ज्ञानार्जन एवं विकास) श्री सौरभ वाष्र्णेय रहे, जबकि उप प्रबंधक (मानव संसाधन–ज्ञानार्जन एवं विकास) श्री जोजेन जोस ने कार्यक्रम का समन्वय किया। प्रतियोगिता में प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाली टीमों को ट्रॉफी, प्रमाण-पत्र और नकद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। संयंत्र प्रबंधन ने विजेता टीमों को उनकी उत्कृष्ट उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के प्रथम संस्करण में कर्मचारियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी की सराहना की।
आर.शर्मा
०००

