गौरेला-पेंड्रा-मरवाही 14 मार्च 2026 (आरएनएस) जिले के केवची गांव स्थित एक पेट्रोल पंप में करीब 40 लाख रुपये के गबन का मामला सामने आया है। पंप संचालक की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी मैनेजर को गिरफ्तार कर लिया है। शुक्रवार को उसे अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, पूर्व जज और केवची गांव स्थित “एचपी उर्मिला पेट्रोलियम” पेट्रोल पंप के संचालक प्रमोद सिंह परस्ते (53 वर्ष) ने थाना गौरेला में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि पंप के मैनेजर लालजी पटेल (47 वर्ष), निवासी अमरपुर पेंड्रा, ने करीब 40 लाख रुपये की हेराफेरी की है।
शिकायत में बताया गया कि लालजी पटेल को पेट्रोल पंप के संचालन, दैनिक बिक्री और आय-व्यय का पूरा लेखा-जोखा संभालने की जिम्मेदारी दी गई थी। पंप संचालन के लिए एसबीआई गौरेला के माध्यम से एचपीसीएल की ई-डीलर फाइनेंसिंग स्कीम (e-DFS) के तहत करीब 67 लाख रुपये की बैंकिंग सुविधा भी उपलब्ध थी।
बताया गया कि वर्ष 2025 के मध्य में बैंक और कंपनी अधिकारियों को खातों में अनियमितता की आशंका हुई। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी मैनेजर ग्राहकों से होने वाले भुगतान को पेट्रोल पंप के अधिकृत क्यूआर कोड की जगह अपने निजी फोनपे क्यूआर कोड पर ट्रांसफर करवा रहा था। कुछ ग्राहकों ने रसीद और भुगतान के प्रमाण के साथ इसकी पुष्टि भी की।
बैंक स्टेटमेंट और पंप के रजिस्टर के मिलान में यह भी पाया गया कि अधिकृत ऑनलाइन भुगतान और नकद राशि ही खाते में दर्ज हो रही थी, जबकि निजी क्यूआर कोड पर प्राप्त रकम का कोई हिसाब नहीं था। इसी तरीके से करीब 40 लाख रुपये के गबन की बात सामने आई।
मामला उजागर होने के बाद 15 जनवरी 2026 को आरोपी मैनेजर को नौकरी से हटा दिया गया था। पुलिस ने आरोपी के बैंक खातों और अन्य दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी है। जांच में यह भी पता चला है कि आरोपी ने हर्बल लाइफ प्रोडक्ट्स में निवेश किया था और उसकी एक ईवी कार को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद मामले में अन्य धाराएं भी जोड़ी जा सकती हैं और सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

