० मुख्यमंत्री ने गौधाम योजना का किया शुभारंभ
० जिले के बड़ेकनेरा गौधाम का हुआ वर्चुअल माध्यम से शुभारंभ
कोण्डागांव, 14 मार्च (आरएनएस)। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शनिवार को बिलासपुर में आयोजित कार्यक्रम में राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी गौधाम योजना का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री द्वारा प्रदेशभर में 29 गौधाम का वर्चुअल माध्यम से शुभारंभ किया गया, जिसमें कोण्डागांव जिले के ग्राम बड़ेकनेरा स्थित गौधाम भी शामिल है। उक्त सभी गौधाम अब सुरभि गौधाम के नाम से जाने जाएंगे। कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने बताया कि जिले में गौधाम योजना की शुरुआत ग्राम बड़ेकनेरा से की गई है। उन्होंने कहा कि शासन की इस महत्वाकांक्षी योजना का जिले में प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा। गौसेवा के प्रति यहां के लोगों में उत्साह है, जिससे गौवंश की सुरक्षा एवं संरक्षण बेहतर ढंग से किया जा सकेगा। साथ ही योजना के क्रियान्वयन की सतत निगरानी भी की जाएगी। नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा प्रारंभ की गई गौधाम योजना घुमंतु पशुओं के संरक्षण एवं सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इससे गांवों की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी तथा जैविक खेती को भी बढ़ावा मिलेगा। कार्यक्रम में जितेन्द्र सुराना ने भी योजना के महत्व पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर कामधेनू गौशाला बड़ेकनेरा की अध्यक्ष बेदेश्वरी शर्मा तथा जिला स्तरीय गौधाम समिति के अध्यक्ष हेमचंद ठाकुर ने भी अपने विचार व्यक्त किए। गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ शासन की गौधाम योजना के अंतर्गत प्रत्येक जिले में गौधाम का निर्माण कर गौवंश के संरक्षण एवं संवर्धन को बढ़ावा दिया जाएगा। योजना के माध्यम से घुमंतु पशुओं एवं सड़क दुर्घटनाओं से प्रभावित गौवंशों का संरक्षण, उपचार एवं टीकाकरण किया जाएगा। साथ ही जैविक खेती को प्रोत्साहित करते हुए जैविक खाद एवं औषधि के निर्माण और उपयोग को बढ़ावा दिया जाएगा, जिससे किसानों को स्वरोजगार के अवसर भी उपलब्ध हो सकेंगे। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अविनाश भोई, पशु चिकित्सा सेवाएं के उप संचालक डॉ. एम.बी. सिंह, डॉ. एस.के. नाग सहित समिति के सदस्यगण और विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
०

