सुकमाके 16,692 किसानों के खाते में पहुंचे 4.21 करोड़ रुपये
सुकमा,14 मार्च(आरएनएस)।प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 22वीं किस्त के तहत 13 मार्च 2026 को देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुवाहाटी, असम से किसानों के खातों में सम्मान राशि का हस्तांतरण किया। इस अवसर पर सुकमा जिले के 16,692 किसानों के खातों में कुल 4.21 करोड़ रुपये की राशि पहुंची।कार्यक्रम का सीधा प्रसारण कृषि विज्ञान केंद्र सुकमा के सभागार में कृषि विभाग और केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया, जिसमें जनप्रतिनिधि, कृषि विभाग के अधिकारी, वैज्ञानिक और किसान शामिल हुए। कार्यक्रम में लगभग 90 किसानों ने भाग लिया, वहीं छिंदगढ़ विकासखंड मुख्यालय में आयोजित प्रसारण कार्यक्रम में 100 से अधिक किसान उपस्थित रहे।इस अवसर पर कृषि विभाग द्वारा कृषक-वैज्ञानिक परिचर्चा का भी आयोजन किया गया, जिसमें किसानों की फसल संबंधी समस्याओं पर वैज्ञानिकों ने विस्तार से जानकारी और समाधान दिए। अधिकारियों ने विभागीय योजनाओं की जानकारी देकर किसानों को आधुनिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया।
०००

