ग्रेटर नोएडा 14 march, (Rns): यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के क्षेत्र में बन रहे विभिन्न इंडस्ट्रियल पार्कों के निर्माण और वहां इकाइयों की स्थापना में अब और तेजी आएगी। शनिवार को उत्तर प्रदेश के अपर मुख्य सचिव (औद्योगिक विकास) एवं यमुना अथॉरिटी के अध्यक्ष आलोक कुमार ने मेडिकल डिवाइस पार्क स्थित एडमिनिस्ट्रेशन बिल्डिंग में समीक्षा बैठक की और चल रहे कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया।
बैठक के दौरान अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी शैलेंद्र कुमार भाटिया ने एक विस्तृत प्रस्तुतीकरण (प्रेजेंटेशन) के माध्यम से क्षेत्र में विकसित हो रहे महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स की जानकारी दी। उन्होंने मेडिकल डिवाइस पार्क, अपैरल पार्क, एमएसएमई पार्क, हैंडीक्राफ्ट पार्क, टॉय पार्क, सेमीकंडक्टर पार्क, डेटा सेंटर पार्क, इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर और जनरल इंडस्ट्री सेक्टरों की वर्तमान स्थिति और अब तक हुई प्रगति के बारे में विस्तार से बताया।
अपर मुख्य सचिव आलोक कुमार ने न केवल फाइलों में प्रगति देखी, बल्कि खुद मौके पर जाकर सभी इंडस्ट्रियल पार्कों और सेक्टरों का निरीक्षण भी किया। उन्होंने औद्योगिक इकाइयों की स्थापना की प्रक्रिया में गति लाने के सख्त निर्देश दिए ताकि निवेशकों को किसी तरह की समस्या न हो। बैठक में एसीईओ राजेश कुमार, ओएसडी शैलेंद्र कुमार सिंह, मेहराम सिंह, जीएम प्रोजेक्ट राजेंद्र भाटी सहित नियोजन, परियोजना और विद्युत विभाग के तमाम वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

