कवर्धा/पंडरिया, 14 मार्च (आरएनएस)। पंडरिया विधानसभा क्षेत्र में ग्रामीण सड़क सुविधाओं को मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। क्षेत्र की विधायक भावना बोहरा ने करीब 30 करोड़ 74 लाख 81 हजार रुपये की लागत से बनने वाली बहुप्रतीक्षित सड़क परियोजनाओं का भूमिपूजन किया। इन सड़कों के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन आसान होगा और व्यापार, कृषि, शिक्षा तथा स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच भी बेहतर होगी।
विधायक भावना बोहरा ने लोक निर्माण विभाग और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत तीन प्रमुख सड़कों के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इनमें प्रतापपुर चौक से दामापुर पुल तक 12.70 किलोमीटर सड़क का निर्माण लगभग 21 करोड़ 7 लाख 98 हजार रुपये की लागत से किया जाएगा। वहीं दमगढ़ से अमनिया तक 3.65 किलोमीटर सड़क का निर्माण 7 करोड़ 74 लाख 95 हजार रुपये में होगा। इसके अलावा पौनी से कोड़ापुरी तक 5.30 किलोमीटर सड़क का निर्माण प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 1 करोड़ 91 लाख 88 हजार रुपये की लागत से किया जाएगा। इन सड़क परियोजनाओं के पूरा होने से रूसेकापा, भगतपुर, कोलेगांव, सेमरकोना, निंगापुर, दामापुर, दमगढ़, अमनिया, पौनी, तिलईभाठ, नवापारा, तोरला और कोड़ापुरी सहित आसपास के कई गांवों के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान विधायक भावना बोहरा ने कहा कि यह केवल सड़कों का निर्माण नहीं बल्कि क्षेत्र के विकास और समृद्धि की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों में सड़कें विकास की जीवनरेखा होती हैं, क्योंकि इससे किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने, बच्चों को स्कूल जाने और मरीजों को समय पर इलाज मिलने में सुविधा मिलती है। विधायक ने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने इन सड़क परियोजनाओं की स्वीकृति के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उपमुख्यमंत्री अरुण साव का आभार भी व्यक्त किया। भावना बोहरा ने कहा कि पंडरिया विधानसभा क्षेत्र में 400 किलोमीटर से अधिक सड़कों का विस्तार किया जा रहा है और इसके साथ ही पेयजल, स्वच्छता, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को भी लगातार मजबूत किया जा रहा है। इस अवसर पर भाजपा के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, मंडल अध्यक्ष, जिला व जनपद सदस्य तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
०


