रुद्रपुर,14 मार्च (आरएनएस)। कोतवाली पुलिस ने रात्रि गश्त के दौरान बगवाड़ा क्षेत्र से एक व्यक्ति को 5 किलो 890 ग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 51,300 रुपये नकद, आधार कार्ड और एक आईफोन मोबाइल भी बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार, शुक्रवार रात उपनिरीक्षक प्रियांशु जोशी पुलिस टीम के साथ संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की चेकिंग करते हुए गश्त पर थे। इंद्रा चौक से होते हुए टीम बगवाड़ा चौकी क्षेत्र में किच्छा रोड पर पहुंची। इसी दौरान भट्टा वाली गली में एक व्यक्ति कंधे पर सफेद प्लास्टिक का कट्टा लेकर जाता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया तो वह घबराकर भागने लगा।इस पर पुलिस टीम ने पीछा कर कुछ दूरी पर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम राजीव कुमार पुत्र शिवजी निवासी बिगवाड़ा भट्टा, वार्ड 16 बताया। कट्टे की तलाशी लेने पर उसमें गांजा बरामद हुआ। मौके पर इलेक्ट्रॉनिक तराजू से वजन करने पर गांजे का कुल वजन 5.890 किलोग्राम पाया गया। कोतवाल मनोज रतूड़ी ने बताया कि बरामद गांजा और अन्य सामान को सील कर कब्जे में ले लिया गया है। आरोपी के खिलाफ कोतवाली रुद्रपुर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

