पति के वियोग में टूटा पत्नी का दिल, 12 घंटे बाद दोनों का साथ-साथ अंतिम संस्कार*
धार 15 March, (Rns) । मध्य प्रदेश के धार जिले से एक बेहद मार्मिक घटना सामने आई है। बाग क्षेत्र में पति-पत्नी ने साथ जीने-मरने की कसम को जैसे सच कर दिखाया।
जानकारी के अनुसार, 62 वर्षीय प्रभु लाल प्रजापत को शुक्रवार शाम अचानक दिल का दौरा पड़ा। उन्हें इलाज के लिए बड़वानी अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनका निधन हो गया।
पति की मौत का सदमा उनकी पत्नी छोटाबाई प्रजापत सहन नहीं कर सकीं। शनिवार सुबह उन्हें भी अचानक दिल का दौरा पड़ा और उनका भी निधन हो गया।
इसके बाद गांव में बेहद भावुक माहौल में दोनों की एक साथ शवयात्रा निकाली गई। बाग के मुक्तिधाम में पति-पत्नी की पार्थिव देह को एक ही चिता पर रखकर अंतिम संस्कार किया गया। उनके बेटों कृष्णा और महेंद्र ने माता-पिता को मुखाग्नि दी।
इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई और अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।

