लखनऊ/मुंबई, 15 मार्च (आरएनएस )। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी राजनीतिक दल नहीं बल्कि गिरोह की तरह काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने पूज्य शंकराचार्य को प्रयागराज के माघ मेले में गंगा स्नान नहीं करने दिया और उनका अपमान किया, साथ ही उन्हें झूठे मुकदमे में फंसाने का षड्यंत्र किया।मुंबई में आयोजित एक कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत में अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी सरकार ने आगरा में छत्रपति शिवाजी के नाम पर देश का सबसे बड़ा संग्रहालय बनाने की योजना शुरू की थी, लेकिन भाजपा सरकार ने उसे रोक दिया। उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार लगभग 300 करोड़ रुपये की लागत से संग्रहालय बना रही थी और इसके लिए महाराष्ट्र के लोगों को भी सहयोग करना चाहिए था।अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर छत्रपति शिवाजी के नाम पर एक हजार एकड़ का पार्क बनाया जाएगा।पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग को निष्पक्ष चुनाव कराना चाहिए और किसी राजनीतिक दल की कठपुतली की तरह काम नहीं करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि विशेष पुनरीक्षण के दौरान निर्वाचन आयोग, भाजपा और प्रशासन मिलकर चुनाव को प्रभावित करने की कोशिश कर रहे थे और बड़े पैमाने पर धांधली की साजिश की गई।अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी पीडि़त, दुखी और अपमानित लोगों को एकजुट कर रही है और पीडीए के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों को जोडऩे का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि आज समाजवादी कार्यकर्ता बहुजन आंदोलन के प्रणेता कांशीराम को याद कर रहे हैं। कांशीराम ने बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर के मार्ग पर चलकर लोगों को अधिकार और न्याय दिलाने के लिए संघर्ष किया। समाजवादी पार्टी चाहती है कि कांशीराम को भारत रत्न से सम्मानित किया जाए।उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर और डॉ. राममनोहर लोहिया के विचारों पर चलकर समाज के सभी वर्गों को जोडऩे का काम कर रही है और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश से भाजपा को सत्ता से बाहर करेगी।अखिलेश यादव ने कहा कि पश्चिम बंगाल में समाजवादी पार्टी ममता बनर्जी का समर्थन कर रही है और चाहती है कि वह फिर मुख्यमंत्री बनें।इस अवसर पर महाराष्ट्र समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष एवं विधायक अबू आसिम आजमी, सांसद राजीव राय तथा पूर्व मंत्री अभिषेक मिश्रा भी उपस्थित रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

