सरगुजा, 16 मार्च (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के उदयपुर क्षेत्र से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने अपने ही दोस्त की हत्या कर शव को कीचड़ से भरी डबरी में फेंक दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान शीतल, निवासी हनुमानगढ़, थाना उदयपुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि किसी विवाद के चलते आरोपी युवक ने अपने दोस्त शीतल की हत्या कर दी और शव को पोतका गांव के पास स्थित कीचड़ से भरे डबरी में फेंक दिया।
घटना की सूचना मिलते ही उदयपुर थाना प्रभारी शिशिर कांत सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। शव को बाहर निकालने के लिए डबरी का पानी खाली कराया गया। इसके बाद पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
०००

