रायपुर, 16 मार्च (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ में फ्लोरामैक्स कंपनी के नाम पर महिलाओं से हुई कथित ठगी के मामले में राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग ने सख्त रुख अपनाया है। भाजपा के वरिष्ठ आदिवासी नेता और पूर्व गृहमंत्री ननकी राम कंवर की शिकायत पर आयोग ने प्रदेश के मुख्य सचिव को व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं।
ननकी राम कंवर ने आरोप लगाया था कि फ्लोरामैक्स कंपनी के नाम पर 40 हजार से अधिक महिलाओं से अरबों रुपये की ठगी की गई है। इस मामले में कोरबा के तत्कालीन कलेक्टर अजीत बसंत पर शासन और आयोग को गलत जानकारी देने का भी आरोप लगाया गया है।

बताया जा रहा है कि 16 अक्टूबर 2025 को आयोग ने सुनवाई के दौरान राज्य सरकार को पीडि़त महिलाओं की शिकायतों पर कार्रवाई करने और रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए थे। हालांकि 30 दिन बीत जाने के बाद भी राज्य सरकार की ओर से आयोग को कोई जानकारी नहीं भेजी गई।
इस पर आयोग ने स्वत: संज्ञान लेते हुए 17 मार्च को मुख्य सचिव को व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर जवाब देने के निर्देश जारी किए हैं।
वहीं ननकी राम कंवर ने कहा है कि केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (हृक्ररुरू) से जुड़ी हजारों महिलाओं के साथ ठगी हुई है, जिससे योजना की छवि को नुकसान पहुंचा है। उन्होंने इस मामले में दोषी अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई करने और पूरे मामले की जांच केंद्रीय एजेंसी सीबीआई से कराने की मांग की है।
०००

