धमतरी 16 मार्च 2026/जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत धमतरी पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। थाना कुरूद पुलिस ने ग्राम बोडरा स्थित चण्डी मंदिर के पास से अवैध शराब के साथ एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपिया के कब्जे से 53 पौवा देशी शराब और नगदी बरामद कर आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार जिले में अवैध शराब और मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना कुरूद पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम बिजनापुरी की एक महिला बोडरा चण्डी मंदिर के पास दो थैलों में अवैध शराब लेकर डाही जाने के लिए वाहन का इंतजार कर रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर महिला को पकड़ लिया।
पूछताछ में महिला ने अपना नाम चंद्रिका बाई मरकाम उर्फ जंगलहीन (52 वर्ष) निवासी डाही बाजार चौक के पास, थाना कुरूद, जिला धमतरी बताया। तलाशी के दौरान महिला के पास से दो थैले बरामद हुए, जिनमें 25 पौवा देशी प्लेन शराब और 28 पौवा देशी मसाला शराब मिली। इसके अलावा 2200 रुपये नगद भी जब्त किए गए। कुल 9.540 लीटर अवैध देशी शराब की कीमत करीब 4800 रुपये आंकी गई है, जबकि नगदी समेत कुल जब्ती करीब 7000 रुपये की बताई गई है।
पुलिस ने आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज कर आरोपिया को गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। धमतरी पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध शराब और मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

