राजनांदगांव 16 मार्च 2026 (आरएनएस) क्षेत्र में शांति व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश कर रहे बदमाशों पर चिखली पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए तीन उपद्रवियों को गिरफ्तार कर लिया, वहीं लंबे समय से फरार चल रहे एक स्थायी वारंटी को भी दबोच लिया। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन के पर्यवेक्षण में क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान चौकी चिखली पुलिस को सूचना मिली कि कुछ बदमाश आपसी विवाद कर माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं और किसी अप्रिय घटना की आशंका बनी हुई है।
इस पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए शंकर उर्फ मंटू यादव (35 वर्ष) निवासी चंदन नगर मोतीपुर वार्ड नंबर 3, पिंकू उर्फ कमलेश राजपूत (28 वर्ष) निवासी मोतीपुर वार्ड नंबर 2 तथा मोती यादव (22 वर्ष) निवासी बजरंगपुर नवागांव को गिरफ्तार कर लिया। तीनों के खिलाफ शांति भंग करने की आशंका के तहत बीएनएसएस की संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया गया।
वहीं पुलिस अभियान के दौरान वर्ष 2025 में बजरंगपुर नवागांव में मारपीट के मामले में फरार चल रहे स्थायी वारंटी अमित मिश्रा (24 वर्ष) निवासी तुलसीपुर बख्तावर चाल गली नंबर 8 वार्ड नंबर 17, थाना कोतवाली राजनांदगांव को भी गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी घटना के बाद से फरार था और उसके खिलाफ न्यायालय से स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था।
पूरी कार्रवाई चौकी प्रभारी उप निरीक्षक कैलाश चंद्र मरई के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अंजाम दी, जिसमें उप निरीक्षक शत्रुहन टंडन सहित चौकी चिखली स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

