राजनांदगांव 16 मार्च 2026(आरएनएस) चिखली चौकी क्षेत्र में नाबालिग बालिका से दुष्कर्म के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार 15 मार्च 2026 को पीड़िता की मां ने चौकी चिखली में लिखित शिकायत दर्ज कराई कि उसकी नाबालिग बेटी के साथ भावेश समरित ने जबरदस्ती दुष्कर्म किया है। शिकायत को गंभीर और संवेदनशील मानते हुए पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर लिया। इस मामले में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 65(2) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4, 5(एम) और 6 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक किर्तन राठौर के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी। चौकी चिखली पुलिस ने आरोपी की तलाश कर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपराध करना स्वीकार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान भावेश कुमार समरित उर्फ कुक्कू (19 वर्ष) निवासी बजरंगपुर नवागांव वार्ड नंबर 2, चौकी चिखली, जिला राजनांदगांव के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से आदेश के बाद उसे जेल भेज दिया गया।

