जौनपुर 16 मार्च (आरएनएस )। जफराबाद कस्बे में स्थित एक प्राथमिक विद्यालय का बिजली कनेक्शन बिजली विभाग द्वारा काट दिए जाने से सोमवार को विद्यालय में पढऩे वाले नौनिहालों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। बिजली न होने के कारण पेयजल की व्यवस्था ठप हो गई और बच्चों को पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ा।विद्यालय की प्रधानाध्यापिका श्रीमती छाया सिंह ने बताया कि विद्यालय में पहले सामान्य बिजली मीटर लगा हुआ था, जिसे बाद में बदलकर स्मार्ट मीटर लगा दिया गया था। पिछले महीने तक स्मार्ट मीटर सही तरीके से कार्य कर रहा था, लेकिन शनिवार को अचानक बिजली विभाग ने विद्यालय का कनेक्शन काट दिया।उन्होंने बताया कि जब विभाग से संपर्क कर जानकारी ली गई तो पता चला कि विद्यालय में प्रीपेड मीटर लगा दिया गया है और करीब 19 हजार रुपये के बकाए के चलते कनेक्शन काटा गया है। प्रधानाध्यापिका का आरोप है कि बिजली विभाग ने विद्यालय को सरकारी संस्था के बजाय निजी संस्थान की श्रेणी में दर्शा दिया है, जिसके कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई है।सोमवार को विद्यालय में मध्याह्न भोजन (एमडीएम) के बाद बच्चों के सामने पीने के पानी की बड़ी समस्या खड़ी हो गई। स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि बच्चों के लिए शिक्षकों को अपने निजी खर्च से आरओ का पानी मंगवाना पड़ा। पेयजल की समस्या से परेशान बच्चों ने सोमवार को हाथ में थाली लेकर विद्यालय परिसर में प्रदर्शन भी किया और जल्द समाधान की मांग की।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

