जौनपुर 16 मार्च (आरएनएस )। एलपीजी गैस की कालाबाजारी पर पूर्ति विभाग की टीम ने सोमवार को कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान 53 अवैध गैस सिलेंडर बरामद किए गए। सिलेंडरों से संबंधित कोई वैध दस्तावेज न मिलने पर विभाग ने उन्हें कब्जे में लेते हुए संबंधित दुकानदार के खिलाफ विधिक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है। जिला पूर्ति द्वारा गठित टीम ने गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के गोपालापुर गांव स्थित केशवपुर रेलवे फाटक के पास मौर्य जलपान गृह पर सोमवार सुबह करीब नौ बजे छापेमारी की।कार्रवाई के दौरान दुकान के पीछे तथा रेलवे लाइन से लगभग दस मीटर की दूरी पर बड़ी संख्या में गैस सिलेंडरों का अवैध भंडारण मिला। टीम ने मौके से 16 भरे और 37 खाली सिलेंडर सहित कुल 53 एलपीजी सिलेंडर बरामद किए। लगभग दो घंटे तक चली इस छापेमारी से आसपास के दुकानदारों में हड़कंप मचा रहा।जांच के दौरान दुकानदार इन सिलेंडरों से संबंधित कोई वैध कागजात या रिकॉर्ड प्रस्तुत नहीं कर सका। साथ ही रेलवे पटरी के बेहद करीब सिलेंडरों का भंडारण होना सुरक्षा के लिहाज से भी गंभीर लापरवाही माना जा रहा है। छापेमारी टीम में क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी योगेंद्र यादव, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी जयप्रकाश पांडेय, पूर्ति निरीक्षक धर्मापुर अर्चना सिंह, पूर्ति निरीक्षक सदर आशुतोष त्रिपाठी तथा पूर्ति निरीक्षक योगेंद्र यादव शामिल रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

