जौनपुर 16 मार्च (आरएनएस ) । इलाहाबाद विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति एवं प्रख्यात अंग्रेजी आलोचक डॉ. कृष्ण गोपाल श्रीवास्तव की धर्मपत्नी 78 वर्षीया डॉ. संतोष श्रीवास्तव का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही विश्वविद्यालय परिवार, केपी ट्रस्ट तथा समाज के विभिन्न वर्गों में शोक की लहर दौड़ गई। ज्ञात हो कि डॉ. के जी श्रीवास्तव मूल रूप से जौनपुर नगर से सटे कालीचाबाद के निवास है। प्रगतिशील लेखक संघ के प्रांतीय महासचिव डॉ. संजय श्रीवास्तव ने बताया कि मेरी चाची डॉ. संतोष श्रीवास्तव पिछले काफी समय से अस्वस्थ चल रही थीं और उनका इलाज चल रहा था। रविवार सुबह उन्होंने जार्ज टाउन स्थित मालवीय रोड के अपने आवास पर अंतिम सांस ली। उनके निधन का समाचार मिलते ही शिक्षा जगत से जुड़े लोग, परिजन, शुभचिंतक और परिचित उनके आवास पर पहुंचने लगे।सोमवार दोपहर तक उनके अंतिम दर्शन के लिए लोगों का तांता लगा रहा। शिक्षाविदों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और परिचितों ने उनके पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया।बाद में उनका अंतिम संस्कार दारागंज स्थित श्मशान घाट पर वैदिक रीति-रिवाज के साथ संपन्न हुआ। इस दौरान बड़ी संख्या में गणमान्य लोग, परिजन और शुभचिंतक उपस्थित रहे।डॉ. संतोष श्रीवास्तव अपने सौम्य स्वभाव, सादगी और सामाजिक सरोकारों के लिए जानी जाती थीं। उनके निधन से न केवल परिवार बल्कि शिक्षा और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों को भी गहरा आघात पहुंचा है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

