मेरठ 16 मार्च (आरएनएस)। रोशनी, रौनक, झूलों के चलने की आवाज और सांस्कृतिक रंगों से सजे मेरठ की पहचान नौचंदी मेले का शानदार आगाज हो गया। शहीद गेट पर फीता काटकर मेले का उद्घाटन किया गया। साथ ही आसमान में कबूतर और रंग-बिरंगे गुब्बारे उड़ाए गए, मानो मेले की खुशियां पूरे शहर में फैल गई हों। बैंडबाजों की गूंजती धुनों के बीच मेले की शुरुआत ने नौचंदी मैदान को उत्सव के रंग में रंग दिया।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार रविवार शाम करीब पांच बजे जिला पंचायत अध्यक्ष गौरव चौधरी, जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह, कैंट विधायक अमित अग्रवाल, सिवालखास विधायक गुलाम मोहम्मद, सीडीओ समेत कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि नौचंदी मैदान पहुंचे। सबसे पहले सभी ने गणेश मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद शहीद गेट पर फीता काटकर मेले का विधिवत उद्घाटन किया गया।
इस अवसर पर प्रेम और भाईचारे के प्रतीक के रूप में कबूतर और गुब्बारे आसमान में छोड़े गए। बैंडबाजों की धुनों के बीच उपस्थित लोगों ने मेले की शुरुआत का उत्साहपूर्वक स्वागत किया। सभी अतिथियों ने डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। भारत माता, महात्मा गांधी, इंदिरा गांधी और जय जवान जय किसान की प्रतिमाओं पर भी पुष्प अर्पित किए गए।
इसके उपरांत जनप्रतिनिधि और अधिकारी बैंडबाजों के साथ मां चंडी मंदिर पहुंचे, जहां मंदिर के पुजारी ने हवन-पूजन कराया। सभी ने मां चंडी को चुनरी और नारियल अर्पित कर शहर की सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर दर्शन के बाद सभी लोग सामने स्थित बालेमियां की मजार पर पहुंचे, जहां कमेटी के सदस्यों ने उनका फूलमालाओं से स्वागत किया। यहां चादरपोशी कर अमन-चैन और आपसी सद्भाव की दुआ मांगी गई। जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह और जिला पंचायत अध्यक्ष गौरव चौधरी ने कहा कि इस बार नौचंदी मेला भव्य और आकर्षक स्वरूप में आयोजित किया जाएगा। कहा कि नौचंदी मेला मेरठ की पहचान है और इसे जीवंत बनाए रखने के लिए जिला पंचायत लगातार प्रयास कर रही है।
जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी वीएस कुशवाहा ने बताया कि मेले में अधिक से अधिक दुकानें समय पर लगें, इसके लिए दुकानदारों से संपर्क किया जा रहा है। इस अवसर पर सरबजीत कपूर, तस्वीर चपराना, नासिर सैफी, अंकुर गोयल, अजय और नरेंद्र कुमार समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

