लखनऊ/नई दिल्ली, 16 मार्च (आरएनएस ) । समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आरोप लगाया है कि चुनाव आयोग भाजपा के इशारे पर काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि यह बात अब पूरे देश को पता है। भाजपा फर्जी तरीके से प्रिंटेड फार्म-7 के जरिए फर्जी हस्ताक्षर कराकर वोट कटवा रही थी। समाजवादी पार्टी के नगर अध्यक्ष के फर्जी हस्ताक्षर से पार्टी के वोटरों के नाम कटवाने की साजिश की गई। समाजवादी पार्टी ने इसकी शिकायत चुनाव आयोग में की, लेकिन आयोग ने दोषियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की।सोमवार को संसद परिसर में मीडिया से बातचीत करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि जब किसी राज्य में विधानसभा चुनाव होता है और वहां भाजपा की सरकार नहीं होती है तो डीजीपी, मुख्य सचिव और अन्य अधिकारियों को हटा दिया जाता है, लेकिन जिस राज्य में भाजपा की सरकार रहती है वहां अधिकारियों को नहीं हटाया जाता। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार के दौरान चुनाव के समय कभी डीजीपी और अन्य अधिकारियों को नहीं हटाया गया। यहां तक कि जिन अधिकारियों के परिवार के सदस्य चुनाव लड़ रहे थे, उन्हें भी पद से नहीं हटाया गया।उन्होंने कहा कि अयोध्या उपचुनाव के दौरान समाजवादी पार्टी ने उन अधिकारियों की सूची जारी की थी, जिन पर पार्टी को हराने का आरोप था, लेकिन उनके खिलाफ भी कोई कार्रवाई नहीं की गई।अखिलेश यादव ने भाजपा पर हमला करते हुए कहा कि भाजपा के लोग अफवाह फैलाने वाले हैं। वे झूठ बोलते हैं और बड़े-बड़े दावे करते हैं, लेकिन लोगों को खाना बनाने के लिए रसोई गैस सिलेंडर तक उपलब्ध नहीं करा पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता में आक्रोश है, लोग लाइनों में खड़े हैं और परेशानियां झेल रहे हैं, इसके बावजूद भाजपा नेता बेशर्मी से यह दावा कर रहे हैं कि गैस की कोई कमी नहीं है। उन्होंने सवाल किया कि जो सब कुछ उपलब्ध कराने का दावा करते हैं, क्या वे राम रसोई को चलाने के लिए सिलेंडर भी नहीं ला सकते। देश में रसोई गैस संकट के लिए भाजपा जिम्मेदार है।पुलिस भर्ती में आए विवादित सवाल पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा जानबूझकर ऐसे विवाद खड़े कराती है और फिर दूसरों को बदनाम करती है। भाजपा के पास एक टीम है, जिसे पैसे देकर दूसरों को बदनाम करने का काम कराया जाता है। उन्होंने कहा कि क्या ब्राह्मण समाज को इस तरह बदनाम किया जा सकता है। यह पहली बार नहीं है, पहले भी कई बार ऐसा किया गया है। भाजपा सरकार ने पूज्यनीय शंकराचार्य का भी अपमान किया और उन्हें बदनाम करने का षड्यंत्र किया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने सनातन का अपमान किया है और अधर्म किया है।मान्यवर कांशीराम को लेकर अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी और कांशीराम ने एक समय मिलकर देश को नई दिशा दी थी। नेताजी मुलायम सिंह यादव और कांशीराम ने मिलकर भाजपा का मुकाबला किया था और उसे हराया था। उसी के बाद भाजपा ने अपने कार्यक्रमों में बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की तस्वीर लगाना शुरू किया।उन्होंने कहा कि कांशीराम के साथ जीवनभर संघर्ष करने वाले और उनके बताए रास्ते पर चलने वाले लोग चाहते हैं कि उन्हें उचित सम्मान मिले और समाजवादी पार्टी भी यही चाहती है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

