राजनांदगांव 16 मार्च 2026(आरएनएस) छुरिया थाना क्षेत्र में शराब के नशे में पत्नी के साथ लगातार मारपीट और विवाद करने वाले पति के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस के अनुसार कुमर्रा गांव निवासी एक महिला ने थाना छुरिया पहुंचकर लिखित शिकायत दी कि उसका पति प्रेमलाल कोर्राम शराब पीकर आए दिन घर में झगड़ा करता है और उसके साथ मारपीट करता है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने पति-पत्नी दोनों को थाना बुलाकर समझाइश दी।
हालांकि समझाइश के दौरान भी आरोपी पति का गुस्सा शांत नहीं हुआ और वह थाना परिसर में ही पत्नी से विवाद और झगड़ा करने लगा। स्थिति को देखते हुए पुलिस को आशंका हुई कि आरोपी भविष्य में किसी गंभीर अपराध को अंजाम दे सकता है।
इस पर पुलिस ने आरोपी प्रेमलाल कोर्राम (28 वर्ष) निवासी ग्राम कुमर्रा, थाना छुरिया के खिलाफ बीएनएसएस की धारा 170, 126 और 135(3) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उसे तहसील न्यायालय छुरिया में पेश किया।
पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन और एसडीओपी केशरीनंदन नायक के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक कौशलेश देवांगन के नेतृत्व में की गई।

