राजनांदगांव 17 मार्च (आरएनएस) क्षेत्र में शांति व्यवस्था भंग करने की फिराक में घूम रहे आदतन बदमाश पर चिखली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शिकंजा कस दिया। विवाद कर माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे आरोपी को पुलिस ने पकड़कर सीधे न्यायालय में पेश किया, जिससे इलाके में कानून व्यवस्था को लेकर सख्त संदेश गया है।
पुलिस के अनुसार, चिखली चौकी क्षेत्र में सक्रिय बदमाश शुभम यादव (23 वर्ष) लगातार विवाद कर शांति भंग करने की स्थिति पैदा कर रहा था। उसकी गतिविधियों से किसी भी समय अप्रिय घटना होने की आशंका थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और बीएनएसएस की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की।
गौरतलब है कि आरोपी के खिलाफ पहले से भी कई मामले दर्ज हैं, जिससे उसकी आपराधिक प्रवृत्ति स्पष्ट होती है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय राजनांदगांव में पेश किया, जहां आगे की वैधानिक प्रक्रिया जारी है।
यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के पर्यवेक्षण में की गई। चौकी प्रभारी उप निरीक्षक कैलाश चंद्र मरई और उनकी टीम की सतर्कता से संभावित बड़ी घटना टल गई।

