राजनांदगांव 17 मार्च (आरएनएस)शहर में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाते हुए डोंगरगांव पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। मानवीय सूचना तंत्र के जरिए कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद कर ली है।
मामला 10 जनवरी 2026 का है, जब साल्हे मन्होरा निवासी तिलकराम की बजाज पल्सर बाइक मोहड़ चौक के पास से चोरी हो गई थी। शिकायत के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश पर टीम गठित कर आरोपी की तलाश तेज की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और संदिग्धों पर नजर रखी। इसी दौरान महेंद्र उर्फ दादू मानिकपुरी को पकड़कर पूछताछ की गई, जिसमें उसने चोरी की वारदात को अंजाम देना कबूल कर लिया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 60 हजार रुपये कीमत की चोरी गई बाइक बरामद कर ली।
गिरफ्तार आरोपी डोंगरगांव के किल्लापारा वार्ड का रहने वाला है और लंबे समय से चोरी की गतिविधियों में संलिप्त होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई में प्रशिक्षु आईपीएस आदित्य कुमार और उनकी टीम की सतर्कता और सक्रियता अहम रही, जिससे एक लंबित मामले का खुलासा संभव हो सका।
डोंगरगांव पुलिस की इस कार्रवाई ने साफ संदेश दिया है कि अपराध चाहे कितना भी शातिर तरीके से क्यों न किया जाए, कानून के शिकंजे से बच पाना मुश्किल है।

