०रायपुरा–सरोना में 100 बिस्तरों वाले अत्याधुनिक अस्पताल का कल होगा भूमि पूजन
०स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल करेंगे भूमिपूजन : विधायक राजेश मूणत रहेंगे उपस्थित
रायपुर,17 मार्च (आरएनएस)। रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत रायपुरा–सरोना क्षेत्र में 100 बिस्तरों वाले अत्याधुनिक शासकीय अस्पताल का निर्माण किया जाएगा। इस परियोजना का भूमि पूजन कल आदिवासी कन्या छात्रावास के समीप आयोजित किया जाएगा।ुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में स्वीकृत इस अस्पताल परियोजना के लिए विधायक राजेश मूणत के प्रयासों से प्रशासनिक मंजूरी प्राप्त हुई है। यह अस्पताल क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं का एक प्रमुख केंद्र बनेगा, जिससे रायपुरा, सरोना, भाठागांव, चंगोराभाठा, डंगनिया, सुंदर नगर सहित आसपास के क्षेत्रों की लगभग 4 से 5 लाख आबादी को लाभ मिलेगा। प्रस्तावित अस्पताल का निर्माण छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन लिमिटेड द्वारा किया जाएगा। तीन मंजिला इस अस्पताल में इमरजेंसी वार्ड, जनरल वार्ड, आईसीयू, ऑपरेशन थिएटर, लैब सुविधाएं, रेडियोलॉजी, ब्लड बैंक, बर्न वार्ड सहित विभिन्न आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही मरीजों की सुविधा के लिए रैंप, लिफ्ट एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी विकसित की जाएंगी।विधायक राजेश मूणत ने इस परियोजना को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इससे आम नागरिकों को बेहतर एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं अपने क्षेत्र में ही उपलब्ध होंगी, जिससे उन्हें दूरस्थ अस्पतालों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।इस अवसर पर प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता रायपुर सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल करेंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में विधायक सुनील सोनी, विधायक मोतीलाल साहू एवं विधायक पुरंदर मिश्रा, रायपुर नगर निगम की महापौर मीनल चौबे, सभापति सूर्यकांत राठौर, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्र के नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहेंगे।
०००

