भोपाल 17 मार्च (आरएनएस)। फिल्म ‘केडी: द डेविलÓ के गाने ‘सरके चुनर तेरी सरकेÓ को लेकर देशभर में चल रहे विवाद के बीच भोपाल में भी विरोध शुरू हो गया है। हिंदू उत्सव समिति और संस्कृति बचाओ मंच ने गाने को अश्लील बताते हुए इस पर तत्काल प्रतिबंध लगाने की मांग की है।
हिंदू उत्सव समिति भोपाल के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी ने कहा कि इस प्रकार के गीतों के जरिए समाज में गंदगी और अश्लीलता परोसी जा रही है। उनका आरोप है कि ऐसे गाने युवाओं को गलत दिशा में ले जाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पहले के गीत-संगीत समाज को दिशा देने और सकारात्मक संदेश देने का काम करते थे, लेकिन अब फिल्मों और गानों के माध्यम से अश्लीलता को बढ़ावा दिया जा रहा है।
तिवारी ने कहा कि साधु-संत भी इस गाने का विरोध कर रहे हैं और समाज में इसकी तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि ऐसे कंटेंट पर तुरंत प्रतिबंध लगाया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस मामले में जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो समिति की ओर से संबंधित लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई की जाएगी।

