भोपाल 17 मार्च (आरएनएस)। रसोई और कमर्शियल गैस सिलेंडर की किल्लत को लेकर सियासत तेज हो गई है। गैस की कमी के चलते कई दुकानों पर ताले लटकने की स्थिति बनी हुई है, जिससे छोटे व्यापारियों और कामगारों की रोजी-रोटी पर संकट खड़ा हो गया है। इसी मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने सड़कों पर उतरकर अनोखे अंदाज में विरोध-प्रदर्शन किया। भोपाल के बरखेड़ा पठानी इलाके में कांग्रेस नेता रविंद्र साहू झुमरवाला के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कोयला ठेला चलाया।
इस दौरान रविंद्र साहू ने खुद कंधे पर कोयले का बोरा उठाकर सांकेतिक प्रदर्शन किया और बंद पड़ी दुकानों तक पहुंचकर व्यापारियों को कोयले वितरित किए। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तख्तियां और कटआउट लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने कहा कि गैस सिलेंडर नहीं मिलने के कारण दुकानदारों को अपने प्रतिष्ठान बंद रखने पड़ रहे हैं, जिससे उनकी आय पूरी तरह प्रभावित हो रही है। उसी के चलते कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बंद दुकानों पर पहुंचकर 5-5 किलो कोयले का वितरण किया और व्यापारियों से अपील की है कि वे भ_ी या चूल्हे के जरिए अपनी दुकानें चालू रखें, ताकि आम लोगों को भी चाय नाश्ता और भोजन मिल सके।
साहू ने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार की अव्यवस्थित नीतियों के कारण आम जनता और छोटे व्यापारियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। गैस सिलेंडरों की कमी से गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों के साथ-साथ छोटे व्यापारियों की रोजी-रोटी भी प्रभावित हो रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार केवल दावे और घोषणाएं कर रही है, जबकि जमीनी स्तर पर लोगों को गैस सिलेंडर नहीं मिल पा रहे हैं।
कांग्रेस नेता ने मांग की कि घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडरों की आपूर्ति तुरंत सुचारु की जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो कांग्रेस पार्टी जनहित में बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होगी। इस दौरान क्षेत्र के दुकानदारों और स्थानीय नागरिकों ने भी गैस सिलेंडरों की कमी को लेकर अपनी समस्याएं साझा कीं और नाराजगी जताई।

