बिलासपुर 18 मार्च 2026(आरएनएस) बोर्ड परीक्षाओं के दौरान तेज आवाज में डीजे बजाना एक संचालक को महंगा पड़ गया। बेलगहना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए न सिर्फ डीजे बंद कराया, बल्कि वाहन सहित पूरा साउंड सिस्टम भी जब्त कर लिया।
मामला कोटा थाना क्षेत्र के बेलगहना चौकी अंतर्गत केबिनपारा का है, जहां 17 मार्च को मोबाइल के जरिए शिकायत मिली कि सड़क किनारे एक डीजे संचालक तेज आवाज में साउंड बजा रहा है। इससे आसपास के छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हो रही थी और आम लोगों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। सूचना मिलते ही पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया और निर्देश मिलते ही टीम मौके पर पहुंची।
मौके पर श्यामलाल यादव अपने वाहन में डीजे सिस्टम लगाकर तेज आवाज में गाने बजाते मिला। पुलिस ने जब वैधानिक अनुमति के दस्तावेज मांगे तो वह प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद मौके पर पंचनामा तैयार कर कार्रवाई करते हुए 14 डीजे साउंड बॉक्स, 3 एम्प्लीफायर, 2 जनरेटर, 10 सर्फी लाइट, 8 पार लाइट, एक मोबाइल और माजदा वाहन क्रमांक सीजी 11 ए डी 0570 जब्त कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ कोलाहल अधिनियम 1985 की धारा 04/10 के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की है। इस पूरी कार्रवाई में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक हेमंत सिंह समेत पुलिस टीम की सक्रिय भूमिका रही।
परीक्षा के समय शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन सख्त नजर आ रहा है। साफ संकेत है कि नियमों की अनदेखी कर शोर-शराबा करने वालों पर इसी तरह कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

