बिलासपुर 18 मार्च 2026(आरएनएस) शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने वाला आरोपी आखिरकार कानून के शिकंजे में आ ही गया। तीन साल से फरार चल रहे आरोपी को बेलगहना पुलिस ने उस वक्त गिरफ्तार किया, जब वह फिर से भागने की तैयारी में था।
मामला कोटा थाना क्षेत्र के बेलगहना चौकी का है। पीड़िता ने 4 जुलाई 2023 को शिकायत दर्ज कराई थी कि फरवरी से जून 2023 के बीच करहीकछार निवासी रामबली पटेल ने शादी का झांसा देकर उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। रिपोर्ट दर्ज होते ही पुलिस ने अपराध कायम कर जांच शुरू की, लेकिन आरोपी लगातार फरार रहा और मोबाइल का उपयोग न करने के कारण उसकी लोकेशन का पता नहीं चल पा रहा था।
लगातार तलाश के बीच 18 मार्च 2026 को बीट पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी अपने घर आया हुआ है और हैदराबाद भागने की फिराक में है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तड़के दबिश दी और आरोपी को घर से ही गिरफ्तार कर लिया। उस समय वह भागने के लिए सामान भी पैक कर चुका था।
पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। इस कार्रवाई में बेलगहना पुलिस की सतर्कता और बीट सिस्टम की सक्रियता अहम साबित हुई।
तीन साल तक कानून से बचता रहा आरोपी आखिरकार पुलिस की पकड़ से नहीं बच सका। यह कार्रवाई साफ संदेश देती है कि अपराधी कितना भी चालाक क्यों न हो, कानून के हाथ उससे लंबे ही होते हैं।

