कोरबा, 18 मार्च (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक कोयला लोड ट्रेलर के पलट जाने से उसके नीचे दबकर बाइक सवार 3 युवकों की मौत हो गई है।
हादसा जिले के पाली थाना क्षेत्र में पाली-दीपका मार्ग पर हुआ। बुधवार की सुबह करीब 9 बजे एस ई सी एल की दीपका कोयला खदान से कोयला लोड कर एक ट्रेलर क्रमांक ब्ह 12 इह 8522 का चालक बिलासपुर जा रहा था। पाली थाना क्षेत्र के नुनेरा गांव के पास ट्रेलर चालक का नियंत्रण वाहन पर नहीं रहा और वह तेज रफ्तार से लहरा कर बीच सड़क पर पलट गया। इसी समय पोटापानी गांव के तीन युवक वहां से बाइक पर निकल रहे थे। तीनों कार्य के सिलसिले में दीपका जा रहे थे। ट्रेलर पलटा तो तीनों वाहन के नीचे दब गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल पटले ने हादसा की पुष्टि कीहै। उन्होंने दुर्घटना में मृत मोटरसाइकिल सवार युवकों का नाम बृजपाल सिंह कंवर वल्द सहदेव मरावी (26), मंगल सिंह वल्द सुखनाथ (28) और ओमप्रकाश वल्द मंगल सिंह (24) बताया है।
सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी पहुंचे। बीच सड़क पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। कोयला का ढेर हटाने के लिए जेसीबी बुलाया गया। कोयला हटाने के साथ ही ट्रेलर को सड़क से हटाया गया। इसके बाद मार्ग पर यातायात शुरू हुआ। पुलिस ने वाहन को जप्त कर ट्रेलर चालक को गिरफ्तार कर लिया है। इस मार्ग पर करीब 4 घंटे तक आवागमन बंद रहा और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई थी।
0

