रायपुर,18 मार्च (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (सीजीबीएसई) की 12वीं बोर्ड परीक्षा के हिंदी प्रश्नपत्र के कथित लीक मामले को लेकर एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने राजधानी रायपुर के अंबेडकर चौक में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। एनएसयूआई
के प्रभारी महामंत्री हेमंत पॉल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव का पुतला दहन कर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
बात दे कि कथित लीक मामले में मंडल ने सिटी कोतवाली थाने में एफआईआर दर्ज कराते हुए जांच साइबर सेल को सौंप दी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नही हुई है। जिससे नाराज एनएसयूआई के
कार्यकर्ताओं में प्रदर्शन किया और दोषियों पर तत्काल कड़ी कार्रवाई की मांग की।
हेमंत पॉल ने आरोप लगाया कि संगठन द्वारा पेपर लीक से जुड़े सभी आवश्यक सबूत प्रशासन और पुलिस को सौंप दिए गए हैं, इसके बावजूद अब तक न तो कोई ठोस कार्रवाई हुई है और न ही स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (एसआईटी) का गठन किया गया है। उन्होंने कहा कि केवल जांच का हवाला देकर मामले से पल्ला झाड़ा जा रहा है, जो सीधे तौर पर छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो एनएसयूआई शिक्षा मंत्री के निवास का घेराव करेगी और आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। साथ ही उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मामले को उजागर करने वालों को एफआईआर की धमकी दी जा रही है, लेकिन संगठन इससे पीछे हटने वाला नहीं है।
वहीं, मंडल और पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है
०००

