रायपुर 18 मार्च 2026(आरएनएस) राजधानी रायपुर के तेजी से बढ़ते इलाकों को बड़ी सौगात देते हुए रायपुरा-सरोना में 100 बिस्तरों वाले आधुनिक शासकीय अस्पताल का भूमि पूजन किया गया। इस परियोजना के शुरू होते ही क्षेत्र के करीब 6 लाख लोगों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सुविधा मिलने की उम्मीद जग गई है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता पश्चिम विधायक राजेश मूणत ने की। भूमि पूजन के साथ ही राजधानी में स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम बढ़ा है।
स्वास्थ्य मंत्री जायसवाल ने स्पष्ट कहा कि सरकार का लक्ष्य हर नागरिक तक गुणवत्तापूर्ण इलाज पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि प्रस्तावित अस्पताल आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा, जहां इमरजेंसी सेवाओं से लेकर आईसीयू, मातृ-शिशु देखभाल, ब्लड बैंक और बर्न वार्ड जैसी महत्वपूर्ण सुविधाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध होंगी।
विधायक राजेश मूणत ने कहा कि रायपुरा, सरोना और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को अब इलाज के लिए दूर-दराज नहीं जाना पड़ेगा। यह अस्पताल न केवल समय और खर्च की बचत करेगा, बल्कि क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की तस्वीर भी बदल देगा।
तीन मंजिला इस अस्पताल में 24 घंटे इलाज और जांच की सुविधा उपलब्ध रहेगी। परियोजना का निर्माण छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन लिमिटेड के माध्यम से किया जाएगा। कार्यक्रम में महापौर मीनल चौबे सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
यह पहल साफ संकेत है कि राजधानी में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में सरकार तेजी से आगे बढ़ रही है, जिससे आम लोगों को सीधे और स्थायी लाभ मिलने वाला है

