जांजगीर-चांपा,18मार्च (आरएनएस)। जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई जारी है। अकलतरा थाना पुलिस ने विवेचना के तहत गांजा तस्करी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस प्रकरण में अब तक कुल 4 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि अकलतरा रेलवे स्टेशन के पास दो व्यक्ति गांजा लेकर खड़े हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 5 किलो 161 ग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी कीमत लगभग 2 लाख 58 हजार रुपये आंकी गई है। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे गांजा ओडिशा से लाकर बेचते थे।जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने ओडिशा के हिमगिर क्षेत्र से शाहिद खान उर्फ गुलाप खान को गिरफ्तार किया था। उससे पूछताछ में मुख्य सरगना के रूप में भास्कर राठौर का नाम सामने आया।इसके बाद पुलिस ने सारागांव में दबिश देकर भास्कर राठौर (54 वर्ष) को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 120 ग्राम गांजा और 1050 रुपये नकद बरामद किए गए। भास्कर राठौर आदतन अपराधी है और पूर्व में भी गांजा तस्करी के मामले में जेल जा चुका है।पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी ओडिशा से गांजा मंगवाकर कम उम्र के बच्चों के जरिए इसकी सप्लाई करवाता था। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
००००

