कोटद्वार,19 मार्च (आरएनएस)। वेडिंग प्वाइंटों में शादी समारोह के बाद कचरे को कोटद्वार-दुगड्डा मार्ग पर लालपुल व लोनिवि गोदाम के बीच खोह नदी में फेंका जा रहा है। इससे जलीय एवं वन्य जीवों के अस्तित्व पर संकट मंडराने के साथ ही पर्यावरण को भी नुकसान पहुंच रहा है। शादी समारोह के आयोजन के बाद बची हुई पूजन की सामग्री के साथ ही प्लास्टिक के दोने, गिलास व बोतलें, कांच, मिठाई के डिब्बे समेत अन्य कचरा वाहनों में भरकर कोटद्वार-दुगड्डा मार्ग पर लालपुल व लोनिवि गोदाम के बीच फेंका जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मंगलवार को भी चार वाहनों में लाए गए कचरे को इस स्थान पर डाला गया। लोगों का कहना है कि नदी में कूड़ा फेंकने से जहां खोह नदी मैली हो रही है, वहीं क्षेत्र के पर्यावरण को भी नुकसान पहुंच रहा है। कूड़ा नदी में पहुंचने से जलीय जीवों के अस्तित्व पर भी संकट मंडरा रहा है। इतना ही नहीं भोजन की तलाश में यहां पहुंच रहे वन्य जीवों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पडऩे की आशंका बनी है। उन्होंने खोह नदी में कूड़ा फेंकने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। नगर आयुक्त पीएल शाह ने कहा कि मामला अभी संज्ञान में आया है। मामले की जांच कराते हुए दोषियों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की जाएगी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

