देहरादून,19 मार्च (आरएनएस)। कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने शहर में हो रही दुर्घटनाएं, यातायात व्यवस्था में सुधार किए जाने, जगह-जगह अवैध तरीके से बिक रही शराब एवं सीनियर सिटीजनों की समस्याओं का मुद्दा एसपी ट्रैफिक के समक्ष उठाया। पूर्व विधायक राजकुमार ने मांगों से संबंधित ज्ञापन उन्हें भेजा। पूर्व विधायक राजकुमार ने ज्ञापन में कहा कि शहर की ट्रैफिक व्यवस्था बिल्कुल बिगड़ी हुई है। स्कूलों की छुट्टी होती है तो लोगों को घंटों जाम से जूझना पड़ता है। स्कूलों में बाहर सुबह व छुट्टी के वक्त पुलिस व्यवस्था की जाए। हर तिराहे, चौराहे पर पुलिस व ट्रैफिक व्यवस्था की जाए। उन्होंने कहा कि इसके साथ ही मलिन बस्तियों में, कालेज, स्कूलों के आसपास व अन्य जगहों पर अवैध तरीके से शराब बिक रही है उसे शीघ्र ही बंद किया जाए। उन्होंने कहा कि साथ ही जगह जगह जो अवैध तरीके से कार, स्कूटर स्टैंड चल रहे हैं उसे तुरंत बंद किया जाए। उन्होंने कहा कि आजकल सड़क के किनारे जो वाहन खड़े होते हैं उन्हें शीघ्र तरीके से सफेद लाइन के अंदर ही खड़ा किया जाए। ऑटो, विक्रम, ई रिक्शा के रूट निर्धारित किए जाए यदि इस ओर शीघ्र ही ध्यान नहीं दिया गया तो घेराव के लिए बाध्य होना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि सीनियर सिटीजनों को भी समस्याओं से जूझना पड़ रहा है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

