चंडीगढ़ 20 March, (Rns) : हरियाणा राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग करने के मामले में कांग्रेस के 5वें विधायक का नाम सामने आ गया है। ये फतेहाबाद की रतिया सीट से विधायक जरनैल सिंह हैं। कांग्रेस अनुशासन समिति ने शुक्रवार को उन्हें नोटिस जारी कर 7 दिन में जवाब मांगा है।
अनुशासन समिति के सदस्य सचिव एडवोकेट रोहित जैन ने इसकी पुष्टि की। समिति के चेयरमैन धर्मपाल मलिक की ओर से इससे पहले चार विधायकों को नोटिस जारी किया जा चुका है। 5वें नाम पर सस्पेंस बना हुआ था।
पार्टी के संज्ञान में आया है कि राज्यसभा चुनाव में आपने पार्टी की ओर से जारी निर्देशों का पालन नहीं किया। जिसका नतीजा यह निकला कि आपकी वोट पार्टी हित में नहीं गई। इससे ऐसा लगता है कि पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी को हराने के लिए जानबूझकर ऐसा किया गया। ये पार्टी के संविधान, रूल और नॉर्म्स का उल्लंघन है।
इसलिए आप 7 दिन के भीतर स्पष्ट करें कि क्यों ना आपके खिलाफ अनुशासनात्क कार्रवाई की जाए। यदि आपकी तरफ से दिए गए समय में कोई जवाब नहीं आता है तो आपको एक्स पार्टी मानते हुए पार्टी नियमों के अनुसार कार्रवाई करेगी।

