गरियाबंद, 20 मार्च (आरएनएस)। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे नया सवेरा अभियान के तहत गरियाबंद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ओडिशा से लाई गई 30 लीटर कच्ची महुआ शराब के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। देवभोग थाना क्षेत्र में की गई इस कार्रवाई ने अवैध शराब कारोबार पर एक बार फिर सख्त संदेश दिया है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम चिचिया में एक व्यक्ति ओडिशा प्रांत से लाई गई कच्ची महुआ शराब का अवैध भंडारण कर उसकी बिक्री कर रहा है। सूचना मिलते ही देवभोग पुलिस ने बिना देर किए रणनीति बनाकर मौके पर रेड कार्रवाई की। गवाहों की मौजूदगी में की गई इस दबिश के दौरान आरोपी को रंगे हाथों पकड़ लिया गया।
तलाशी में आरोपी के कब्जे से प्लास्टिक जरीकेन में भरी कुल 30 बल्क लीटर देशी कच्ची महुआ शराब बरामद की गई। पुलिस ने मौके पर ही शराब को जब्त कर लिया और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। जांच में सामने आया कि आरोपी लंबे समय से इस अवैध कारोबार में लिप्त था और इससे आर्थिक लाभ कमा रहा था।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान इंदर सिंह ध्रुव (45 वर्ष), निवासी ग्राम चिचिया, थाना देवभोग के रूप में हुई है। उसके खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया गया और न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
0

