रामानुजगंज, 22 मार्च (आरएनएस)। विश्व वानिकी दिवस के अवसर पर वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग द्वारा वन परिक्षेत्र रामानुजगंज, वन मंडल बलरामपुर अंतर्गत वन वाटिका रामानुजगंज में स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण और जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य वनों के संरक्षण, स्वच्छता और पर्यावरण संतुलन के प्रति लोगों को जागरूक करना था।
कार्यक्रम की शुरुआत वन वाटिका परिसर में साफ-सफाई अभियान से हुई। रामानुजगंज रेंज के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी, रेंजर और स्टाफ ने मिलकर पूरे वन वाटिका क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाया। इस दौरान परिसर में फैले कचरे को हटाकर साफ-सफाई की गई और पर्यावरण को स्वच्छ रखने का संदेश दिया गया।वन विभाग के कर्मचारियों में फॉरेस्ट गार्ड, दरोगा, चौकीदार सहित अन्य स्टाफ भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। सभी ने मिलकर लोगों को वनों की सुरक्षा, अवैध कटाई रोकने और अतिक्रमण से बचने के लिए जागरूक किया। ग्रामीणों से अपील की गई कि वे वनों की सुरक्षा में विभाग का सहयोग करें और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में अपनी भूमिका निभाएं।
इस अवसर पर वन परिक्षेत्र अधिकारी निखिल सक्सेना ने कहा कि विश्व वानिकी दिवस का उद्देश्य लोगों को वनों के महत्व के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने बताया कि वनों का संरक्षण न केवल पर्यावरण के लिए जरूरी है, बल्कि यह स्थानीय लोगों की अर्थव्यवस्था से भी जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि फिलहाल तेंदूपत्ता का सीजन भी आने वाला है, जिससे क्षेत्र के लोगों को रोजगार और आय का एक महत्वपूर्ण स्रोत मिलता है। इसलिए वनों की सुरक्षा और संरक्षण सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने आगे कहा कि विभाग द्वारा समय-समय पर इस तरह के कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है ताकि लोगों को पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और वृक्षारोपण के प्रति जागरूक किया जा सके। आज आयोजित क्लीन-अप ड्राइव और जागरूकता कार्यक्रम का उद्देश्य भी यही था कि अधिक से अधिक लोग वनों के महत्व को समझें और उनके संरक्षण में भागीदारी निभाएं।
000

