कांकेर, 20 मार्च (आरएनएस)। गरीबों के हक पर डाका डालने वाले राशन चावल के काले कारोबार का कांकेर पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। सस्ते दाम पर खरीदे गए शासकीय चावल को महंगे दाम में बेचने के इस गोरखधंधे पर पुलिस ने शिकंजा कसते हुए 44.50 क्विंटल चावल और दो पिकअप वाहनों के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस को मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर ग्राम कोकड़ी चौक से नाथियानवागांव मार्ग पर घेराबंदी की गई। इसी दौरान दो बोलेरो पिकअप को रोका गया। पूछताछ में सामने आया कि दोनों वाहन चालक शासकीय उचित मूल्य दुकान से सस्ते दर पर खरीदे गए चावल को मिल में प्रोसेस कर अधिक कीमत पर बेचने ले जा रहे थे।
जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी ग्राम हाटकोगेंरा की राशन दुकान से लोगों के राशन कार्ड के माध्यम से 16 रुपये प्रति किलो की दर से चावल खरीदते थे और उसे मिलिंग के बाद 26 रुपये प्रति किलो तक बेचते थे। पुलिस ने एक पिकअप से 18 क्विंटल 70 किलो और दूसरे से 25 क्विंटल 80 किलो चावल जब्त किया। कुल मिलाकर 83 बोरियों में 44 क्विंटल 50 किलो चावल बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 1 लाख 15 हजार 700 रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भूपेन्द्र कुमार साहू (29 वर्ष) और राहुल निषाद (19 वर्ष), दोनों निवासी हाटकोगेंरा, के रूप में हुई है। इनके खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3 और 7 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।
इस पूरी कार्रवाई को पुलिस अधीक्षक निखिल अशोक कुमार राखेचा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू के मार्गदर्शन और एसडीओपी मोहसीन खान के पर्यवेक्षण में अंजाम दिया गया। थाना प्रभारी प्रतिक बनसोडे सहित पुलिस टीम की सतर्कता से यह अवैध नेटवर्क पकड़ा गया।
कांकेर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि गरीबों के हक से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे ऐसी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समाज में पारदर्शिता और न्याय सुनिश्चित किया जा सके।
0

