नईदिल्ली,20 मार्च (आरएनएस)। देशभर के 4 हवाई अड्डे को मार्च के अंतिम में बंद कर दिया जाएगा। इसमें जोधपुर, श्रीनगर, पुणे हवाई अड्डा और आदमपुर सैन्य अड्डा शामिल है। बताया जा रहा है कि हवाई पट्टी पर मरम्मत का काम होने के कारण यहां से उड़ान सेवाएं अस्थायी रूप से बंद रहेंगी। सबसे पहले 29 मार्च से जोधपुर हवाई अड्डा बंद होगा। बता दें कि ये हवाई अड्डे भारतीय वायुसेना द्वारा संचालित हैं और चरणबद्ध हवाई पट्टी रिकरपेटिंग योजना का हिस्सा है।
राजस्थान के जोधपुर हवाई अड्डे पर 29 मार्च से 27 अप्रैल तक काम चलेगा। जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर हवाई अड्डे पर अगस्त से अक्टूबर तक चरणों में काम चलेगा। श्रीनगर में अक्टूबर तक सप्ताह में 2 दिन उड़ानें बंद रहेंगी। इसके बाद 6 अक्टूबर से 5 नवंबर तक हवाई अड्डा पूरा बंद रहेगा। पुणे हवाई अड्डे के बंद करने की तारीख की आधिकारिक घोषणा अभी नहीं हुई है। आदमपुर एयर बेस अक्टूबर या नवंबर से करीब 8 महीने तक बंद रहेगा।
ये हवाई अड्डे नागरिक-सेना दोनों के इस्तेमाल के लिए है, इसलिए हवाई पट्टी को उसी तरह उच्च तकनीक मानक पर बनाए रखना जरूरी है। इससे कई उड़ानों के प्रभावित होने की संभावना है। इंडिगो, एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने जोधपुर से 28 मार्च के बाद की बुकिंग रोक दी है। यहां से कई शहरों की प्रतिदिन 28 उड़ानों का आवागमन है। पुणे से 45, श्रीनगर से प्रतिदिन 26 उड़ानों का आवागमन है। वायुसेना ने नोटम जारी किया है।
००

