0-पटियाला हाउस कोर्ट का एनआईए को निर्देश
नई दिल्ली,20 मार्च (आरएनएस)। दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट ने एनआईए को निर्देश दिया है कि वो 2008 में 26 नवंबर को मुंबई में हुए आतंकी हमलों के आरोपी और साजिशकर्ता तहव्वुर राणा के खिलाफ पूरक चार्जशीट दाखिल करने में तेजी लाए.
कोर्ट ने एनआईए को मई तक पूरक चार्जशीट दाखिल करने का निर्देश दिया, मामले की अगली सुनवाई 24 अप्रैल को होगी. सुनवाई के दौरान एनआईए ने कोर्ट को बताया कि उसने तहव्वुर राणा के आवाज के नमूने लिए हैं. आवाज के नमूने इस मामले की जांच में अहम भूमिका निभा सकते हैं.
एनआईए ने 9 जुलाई 2025 को तहव्वुर राणा के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की थी. एनआईए ने 10 अप्रैल 2024 की शाम को तहव्वुर को दिल्ली के पालम वायुसेना अड्डे पर उतरते ही गिरफ्तार किया था.
बता दें कि अमेरिका के सुप्रीम कोर्ट द्वारा प्रत्यर्पण के खिलाफ राणा की याचिका खारिज किए जाने के बाद उसे लाने के लिए भारतीय एजेंसियों की एक टीम अमेरिका गई थी. तहव्वुर राणा पाकिस्तानी मूल का कनाडाई नागरिक है. 2008 के मुंबई आतंकी हमलों के मुख्य साजिशकर्ताओं में से एक अमेरिकी नागरिक डेविड कोलमैन हेडली उर्फ दाऊद गिलानी का करीबी सहयोगी है.
64 वर्षीय तहव्वुर राणा के समर्थन की वजह से उस समय भारत में हेडली की आवाजाही आसान हो गई थी. पाकिस्तान मूल के तहव्वुर राणा और डेविड कोलमैन हेडली बचपन के दोस्त थे और दोनों ने एक ही सैनिक स्कूल से पढ़ाई की थी, तहव्वुर राणा ने डेविड कोलमैन हेडली की मदद के लिए मुंबई में एक एजेंसी खोली थी.
००

